ताजा खबर
चेन्नई, 18 मई। पैट कमिंस ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लिये लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स ने बल्लेबाजों के सामूहिक प्रयासों से सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सोमवार को आईपीएल के मैच में सात विकेट पर 180 रन बनाये ।
हैदराबाद के कप्तान कमिंस ने 28 रन देकर तीन विकेट चटकाये ।इससे पहले चेन्नई ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया ।
संजू सैमसन ने टीम को शानदार शुरूआत देते हुए पहले ओवर में नीतिश कुमार रेड्डी को दो चौके और एक छक्का लगाकर 17 रन निकाले । प्रफुल्ल हिंग्से को अगले ओवर में उन्होंने लगातार तीन चौके जड़े ।
कमिंस तीसरे ओवर में गेंदबाजी के लिये आये और सैमसन को विकेट के पीछे ईशान किशन के हाथों लपकवाया ।
उर्विल पटेल ने कमिंस को दो छक्के लगाये लेकिन साकिब हुसैन की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे । चेन्नई के कप्तान रूतुराज गायकवाड़ ने कार्तिक शर्मा (19 गेंद में 32 रन ) के साथ तीसरे विकेट के लिये 42 रन जोड़े ।
कार्तिक ने कुछ परिपक्व शॉट्स लगाये जिनमें हिंगे को छक्का और स्पिनर शिवांग कुमार को लगाया छक्का शामिल है । कमिंस ने उन्हें आफ स्टम्प के बाहर जाती गेंद पर ललचाया और अपर कट लगाकर वह डीप में नीतिश को कैच दे बैठे ।
इसके बाद गायकवाड़ भी छाती तक आते कमिंस के बाउंसर पर चकमा खा गए और 21 गेंद में 15 रन बनाकर डीप में एशान मलिंगा को कैच देकर लौटे ।
डेवाल्ड ब्रेविस (27 गेंद में 44) और शिवम दुबे (26) ने पांचवें विकेट के लिये 59 रन जोड़कर चेन्नई को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया ।
इस सत्र में लय पाने के लिये जूझ रहे ब्रेविस ने कमिंस को छक्का और नीतिश को एक छक्का और चौका लगाया । यह इस सत्र का उनका सर्वोच्च स्कोर है । मलिंगा ने 141 किमी की रफ्तार वाली गेंद पर उनका विकेट चटकाया । (भाषा)


