ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 18 मई। अंबिकापुर गांधीनगर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ओमनी कार से भारी मात्रा में अवैध मोबाइल और चांदी की पायल बरामद की है। पुलिस ने मामले में पश्चिम बंगाल के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्रे रंग की ओमनी कार में कुछ लोग हाट-बाजारों से चोरी एवं अवैध तरीके से प्राप्त मोबाइल फोन को दूसरे राज्यों में ले जाकर बेचते हैं। इन मोबाइलों का उपयोग साइबर फ्रॉड और अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया जाता है। सूचना के आधार पर गांधीनगर थाना पुलिस ने बनारस रोड पर वाहन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध ओमनी कार को रोका।
तलाशी के दौरान वाहन में रखी प्लास्टिक की बोरियों से 110 स्मार्टफोन, 650 कीपैड मोबाइल और 95.500 किलोग्राम धातु की पायल बरामद की गई। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर वाहन में सवार लोग सामान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने ओमनी वाहन क्रमांक डब्ल्यूबी 58 बीपी 8233 को जब्त करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सेन्तु शेख, गफ्फार शेख, असिम शेख, इब्राहिम शेख और माशदुल शेख शामिल हैं, जो पश्चिम बंगाल के मुर्शीदाबाद जिले के निवासी बताए गए हैं।
गांधीनगर थाना में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद मोबाइल और पायल चोरी के हैं या किसी अन्य अवैध गतिविधि से जुड़े हुए हैं।


