ताजा खबर

रफ्तार वाहन की टक्कर, 2 मौतें, उत्तेजित ग्रामीणों ने लाश रखकर किया चक्काजाम
18-May-2026 7:00 PM
रफ्तार वाहन की टक्कर, 2 मौतें, उत्तेजित ग्रामीणों ने लाश रखकर किया चक्काजाम

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

अंबिकापुर,18 मई। अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130 पर रविवार रात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सोमवार को मणिपुर थाना क्षेत्र के सांडबार के पास सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने टायर जलाकर विरोध जताया और आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी तथा मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। चक्काजाम के कारण राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार सांडबार बैरियर निवासी कमरान पिता मोहम्मद नसीम स्थानीय स्तर पर टायर दुकान में काम करता था। रविवार की शाम सुंदरपुर निवासी अनिल कुमार गढ़वाल पिता अमर साय अपनी कार में हवा डलवाने के लिए दुकान के सामने रुके थे। उसी दौरान कमरान उनकी कार के टायर में हवा भर रहा था। इसी बीच लखनपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से कमरान की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं अनिल कुमार गढ़वाल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में भर्ती कराया गया था, लेकिन उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

दुर्घटना की खबर फैलते ही मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। देर रात मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भी लोगों ने हंगामा किया और आरोपी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
सोमवार सुबह परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मणिपुर थाना क्षेत्र के सांडबार के पास एकत्र हुए और सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने टायर जलाकर विरोध जताया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।

ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण इस क्षेत्र में अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए।

चक्का जाम के चलते अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देने का प्रयास किया। पुलिस ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर आरोपी वाहन चालक की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच में जुट गई है। प्रशासन द्वारा परिजनों से बातचीत कर चक्का जाम समाप्त कराने की कोशिश की जा रही है।


अन्य पोस्ट