ताजा खबर
वायरल वीडियो के बाद पीडब्ल्यूडी सचिव ने मांगी जांच रिपोर्ट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 18 मई। जिले के मस्तूरी ब्लॉक में तैयार की गई सड़क कुछ ही दिनों में बदहाल हो गई। अमाकोनी से बहतरा तक करीब 1.40 करोड़ रुपये से बनी डामरीकृत सड़क निर्माण पूरा होने के महज सात से दस दिन के भीतर ही उखड़ने लगी है। हालत यह है कि सड़क की डामर परत हाथ से ही पापड़ की तरह निकल रही है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद अब यह मुद्दा रायपुर तक पहुंच गया ।
जानकारी के मुताबिक आमगांव ग्राम पंचायत के आश्रित गांव आमाकोनी से बहतरा तक लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क हाल ही में बनाई गई थी। लेकिन शुरुआती दिनों में ही सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए। ग्रामीणों ने सड़क की परत हाथ से उखाड़ते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में साझा किया, जिसके बाद निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और भारी लापरवाही के आरोप लगे।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मुरूम और मजबूत बेस सामग्री का उपयोग नहीं किया गया। उनकी मानें तो गुणवत्ता युक्त सामग्री की जगह साधारण मिट्टी डालकर काम पूरा कर दिया गया, जिसके कारण डामर की ऊपरी परत सड़क से चिपक ही नहीं पाई और कुछ दिनों में उखड़ने लगी। कई हिस्सों में गिट्टियां बाहर निकल आई हैं और सड़क कमजोर हो चुकी है।
मामले ने तूल पकड़ा तो लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर के मुख्य अभियंता को तत्काल जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय अधिकारी मामले को दबाने और ठेकेदार को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
वायरल वीडियो के बाद पीडब्ल्यूडी के एसडीओ टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों ने इसे छोटी-मोटी गड़बड़ी बताकर मामला हल्का करने का प्रयास किया। बाद में सचिव स्तर से हस्तक्षेप होने पर जब सैंपल लेने टीम पहुंची तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने जांच में लीपापोती का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध किया। फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


