ताजा खबर

पश्चिम बंगाल: कोलकाता में पुलिस पर पत्थरबाज़ी, अधिकारी ने क्या बताया
18-May-2026 9:14 AM
पश्चिम बंगाल: कोलकाता में पुलिस पर पत्थरबाज़ी, अधिकारी ने क्या बताया

कोलकाता में पुलिस पर पत्थरबाज़ी की घटना सामने आई है. इसकी जानकारी कोलकाता के एडिशनल एसीपी अशेष बिस्वास ने दी है.

समाचार एजेंसी एएनआई को उन्होंने बताया, "कुछ लोगों ने इकट्ठा होकर रास्ता रोकने की कोशिश की थी. ये लोग अवैध तरीक़े से इकट्ठा हुए थे. पुलिस जब उन्हें हटाने की कोशिश कर रही थी, पुलिस पर थोड़ी पत्थरबाज़ी हुई."

इस घटना में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.

एडिशनल एसीपी ने कहा, "हमारे तीन साथी घायल हुए हैं. पुलिस की तरफ़ से कार्रवाई की गई है और बाद में भी हम क़ानूनी कार्रवाई करेंगे. किसी को नहीं छोड़ेंगे."

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, यह घटना पश्चिम बंगाल के पार्क सर्कस की है. पत्थरबाज़ी की घटना के बाद इलाक़े में क़ानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है और पुलिस ने फ़्लैग मार्च निकाला.

एजेंसी के मुताबिक़, कथित अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए जा रहे बुलडोज़र अभियान का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया.

इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि सड़क किनारे खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की गई. इनमें केंद्रीय बलों के वाहन भी शामिल थे. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट