ताजा खबर
भाजपा जिला महामंत्री ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 17 मई। अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाईवे पर स्थित लुचकी घाट के पास रविवार दोपहर एक सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल मृत और घायल युवकों की पहचान नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 3 बजे बाइक क्रमांक सीजी 10 ईएफ 3136 पर सवार दो युवक अंबिकापुर से रायगढ़ की ओर जा रहे थे। जब वे शहर से लगे लुचकी घाट के पास पहुंचे, उसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक अन्य बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के चारों सवार सड़क पर दूर तक जा गिरे।
हादसे में दो युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, वहीं अन्य दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में सड़क पर लोगों की भीड़ लग गई।
भाजपा जिला महामंत्री ने दिखाई तत्परता
घटना के समय भाजपा बलरामपुर जिला महामंत्री अनिल जायसवाल भी उसी मार्ग से गुजर रहे थे। उन्होंने हादसे को देखकर तुरंत अपना गाड़ी रोकी और घायल युवकों को अपनी गाड़ी से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचाया। इसके बाद दूसरे वाहन से मृतकों को भी अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने घायलों का उपचार शुरू कर दिया।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार दो युवकों को गंभीर हालत में भर्ती किया गया है, जिनका इलाज जारी है। वहीं मृत दोनों युवकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मरच्युरी में रखा गया है।
मृतकों और घायलों की पहचान नहीं
हादसे में घायल और मृत युवकों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। अस्पताल प्रबंधन और पुलिस द्वारा उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है ताकि परिजनों का पता लगाया जा सके।
तेज रफ्तार बन रही हादसों की वजह
गौरतलब है कि अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाईवे पर स्थित लुचकी घाट दुर्घटनाओं के लिए संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। यहां पूर्व में भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट क्षेत्र में वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
रविवार को हुई इस घटना में भी दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज बताई जा रही है, जिसके कारण टक्कर इतनी भीषण हो गई कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और मृतकों तथा घायलों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


