ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 17 मई। वाहन चालक के साथ बदसलूकी, और गाली-गलौच करने के मामले में जांजगीर-चांपा में जलसंसाधन विभाग कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह को निलंबित कर दिया है। विभाग कार्रवाई की है।
बताया गया कि कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह और उनके कार्यालय के वाहन चालक शशिकांत साहू के बीच हुए वार्तालाप का ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। यह मामला 13 मई 2026 को समाचार पत्रों में भी प्रकाशित हुआ। इसके बाद कलेक्टर जांजगीर-चांपा के प्रतिवेदन के आधार पर अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी द्वारा दोनों पक्षों का कथन लेकर जांच कराई गई।
जांच प्रतिवेदन में पाया गया कि शशांक सिंह ने मोबाइल पर अपने अधीनस्थ वाहन चालक के साथ अत्यंत अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। साथ ही वार्तालाप के दौरान जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति भी अशोभनीय टिप्पणियां की गईं। जांच में इसे अमर्यादित आचरण मानते हुए प्रशासनिक छवि को धूमिल करने वाला माना गया।
शासन ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-3 के तहत प्रथमदृष्टया दोषी पाते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें ईएनसी कार्यालय, शिवनाथ भवन में अटैच किया गया है।


