ताजा खबर

अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम टीम पर छोड़ा पालतू कुत्ता, कर्मचारी घायल
17-May-2026 12:29 PM
अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम टीम पर छोड़ा पालतू कुत्ता, कर्मचारी घायल

शिवघाट बराज के पास हंगामे और विरोध के बीच छह अवैध मकान ढहाए गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 17 मई। शिवघाट बैराज के दूसरे छोर स्थित कुदुदंड इलाके में शनिवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान एक महिला ने अपना पालतू कुत्ता निगम कर्मचारियों पर छोड़ दिया, जिससे निगम के अतिक्रमण दस्ते में शामिल कर्मचारी अविनाश कुमार घायल हो गए। कुत्ते के हमले से उनके हाथ और पैर में चोटें आईं, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के बाद करीब एक घंटे तक हंगामा और विरोध प्रदर्शन चलता रहा। पुलिस बल की मौजूदगी में हालात को नियंत्रित किया गया, जिसके बाद नगर निगम ने बुलडोजर चलाकर छह अवैध कच्चे मकानों को ध्वस्त कर दिया।

नगर निगम के अतिक्रमण शाखा प्रभारी संतोष वर्मा ने बताया कि शिवघाट बराज से कुदुदंड क्षेत्र को जोड़ने वाली एप्रोच रोड के निर्माण में ये मकान बाधा बन रहे थे। सभी निर्माण शासकीय भूमि पर किए गए थे। अतिक्रमणकारियों को पांच बार नोटिस जारी कर जगह खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया।

शनिवार को निगम की टीम पुलिस बल के साथ कार्रवाई के लिए पहुंची । इसी दौरान शीला सोनी ने कथित तौर पर अपना पालतू कुत्ता निगम कर्मचारियों पर छोड़ दिया। घायल कर्मचारी अविनाश कुमार को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

विरोध और तनावपूर्ण माहौल के बीच पुलिस ने मोर्चा संभाला और निगम की टीम ने कार्रवाई पूरी करते हुए सभी अवैध ढांचों को हटाया।


अन्य पोस्ट