ताजा खबर

लिब्रा वॉटरफॉल में नहाने के दौरान युवक डूबा, मौत
16-May-2026 7:57 PM
लिब्रा वॉटरफॉल में नहाने के दौरान युवक डूबा, मौत

अंबिकापुर, 16 मई। सरगुजा जिले के घुनघुट्टा डेम से लगे लिब्रा वॉटरफॉल में शनिवार को एक युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ घूमने और नहाने के लिए वॉटरफॉल पहुंचा था। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं वॉटरफॉल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम पोकसरी निवासी इंद्रदेव पैकरा पिता संजय पैकरा अपने पांच साथियों के साथ लिब्रा वॉटरफॉल घूमने गया था। दोपहर करीब 2 बजे सभी युवक वॉटरफॉल में नहा रहे थे। इसी दौरान इंद्रदेव का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गया। घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। बाद में स्थानीय लोगों की सहायता से युवक को पानी से बाहर निकाला गया।

 बताया जा रहा है कि उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। तत्काल उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि गर्मी के मौसम में जलाशयों और वॉटरफॉल क्षेत्रों में डूबने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। लिब्रा वॉटरफॉल में इससे पहले भी हादसे हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट