ताजा खबर

महिला कांग्रेस की कार्यकारिणी भंग
16-May-2026 5:30 PM
महिला कांग्रेस की कार्यकारिणी भंग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नई दिल्ली/रायपुर, 16 मई। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की पूरी कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। इस संबंध में शनिवार को  आदेश जारी किया गया।

यह कहा गया कि प्रदेश महिला कांग्रेस की वर्तमान कार्यकारिणी को प्रदेश, जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है। संगठन को अधिक सक्रिय, मजबूत और प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से व्यापक संगठनात्मक पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू की गई है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने स्पष्ट किया है कि नई नियुक्तियों में सक्रियता, सदस्यता अभियान में योगदान, जनसंपर्क, संघर्षशील भूमिका और संगठन के प्रति समर्पण को आधार बनाया जाएगा। साथ ही सभी नियुक्तियां और संगठनात्मक जिम्मेदारियां केवल अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा व्यापक चर्चा और सर्वसम्मति के बाद घोषित की जाएंगी।

आदेश की प्रतिलिपि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, सचिन पायलट, भूपेश बघेल, टी.एस. सिंह देव, दीपक बैज, डॉ. चरण दास महंत सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष संगीता सिन्हा को भेजी गई है।


अन्य पोस्ट