ताजा खबर

शाह का कारकेड 14 से घट कर 4 का हुआ, पुलिस ने किया रिहर्सल
16-May-2026 5:15 PM
शाह का कारकेड 14 से घट कर 4 का हुआ, पुलिस ने किया रिहर्सल

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर, 16 मई ​ । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कल  17 मई को शाम करीब 7 बजे गुजरात से रायपुर आ रहे हैं। रायपुर में उसी रात वे सीएम विष्णुदेव साय और आला अफसरों के साथ प्रदेश सरकार खासकर नक्सल मुक्त बस्तर को लेकर कामकाज की समीक्षा कर सकते हैं। हालांकि दो दिन पहले ही दिल्ली जाकर सीएम साय पूरी जानकारी दे चुके हैं। कल रात्रि विश्राम रायपुर में ही करने के बाद गृहमंत्री शाह अगले दिन  शाह सोमवार को 11 बजे सीएम विष्णुदेव साय, दोनों डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा के साथ जगदलपुर रवाना हो जाएंगे। मुख्य सचिव विकास शील, सीएम के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और डीजीपी अरुणदेव गौतम भी केंद्रीय गृहमंत्री शाह के प्रवास के दौरान 18 और 19 मई को बस्तर में ही रहेंगे। अमित शाह 19 मई को जगदलपुर में ही मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक लेंगे, जिसमे कई राज्यों के डीजीपी शामिल होंगे। गृहमंत्री 19 मई को ही जगदलपुर से नई दिल्ली रवाना हो जाएंगे। इस बैठक की तैयारी के लिए डिप्टी सीएम गृह विजय शर्मा जगदलपुर ग‌ए हैं।

इस बीच खबर है कि शाह के निर्देश अनुसार उनके काफिले में केवल 4 गाड़ियां होंगी। इससे पहले 14 गाड़ियां दौड़ती रहीं हैं। शाह को  जेड प्लस की सुरक्षा मिली हुई है। इसके मुताबिक पुलिस ने आज दोपहर एयरपोर्ट से होटल मेफेयर तक सुरक्षा रिहर्सल किया। इसमें केवल 4 वाहन थे। इनमें से एक कार में शाह, सीएम साय और डिप्टी सीएम शर्मा रहेंगे।


अन्य पोस्ट