ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जांजगीर-चांपा, 16 मई। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के तनौद गांव में सड़क किनारे शराब पीने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग पर लकड़ी से हमला कर दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार तनौद और नवागांव मार्ग पर कुछ लोग सड़क किनारे बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान गांव के सत्यवान महिपाल वहां पहुंचे और उन्हें सड़क पर शराब पीने से मना किया। इस बात पर वहां मौजूद उमाशंकर साहू नाराज हो गया और सत्यवान से बहस करने लगा।
विवाद बढ़ता देख सत्यवान के पिता मोहन महिपाल ने बीच में आकर दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। बताया गया है कि इसी दौरान गुस्से में आए उमाशंकर साहू ने पास में पड़ी बबूल की चिरी हुई लकड़ी उठाकर मोहन महिपाल के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें तत्काल खरौद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी उमाशंकर साहू को कमरीद पंचायत भवन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गांव वालों ने बताया कि आरोपी और मृतक एक-दूसरे के परिचित ही नहीं बल्कि अच्छे दोस्त भी थे। दोनों अक्सर साथ बैठकर शराब पीते थे। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच पहले किसी प्रकार की दुश्मनी नहीं थी।


