ताजा खबर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेश यात्रा पर भारत सरकार के टैक्स‑सैस लगाने की ख़बरों को ग़लत बताया है.
पीएम मोदी ने शुक्रवार को एक्स पोस्ट में लिखा कि विदेश यात्रा पर इस तरह की पाबंदियां लगाने का तो कोई सवाल ही नहीं उठता.
उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, "यह पूरी तरह से ग़लत है. इसमें ज़रा भी सच्चाई नहीं है. विदेश यात्रा पर ऐसी पाबंदियां लगाने का कोई सवाल ही नहीं उठता. हम अपने लोगों के लिए ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस और ईज़ ऑफ़ लिविंग को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं."
दरअसल, पीएम मोदी ने एक मीडिया आउटलेट के एक्स पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए इस दावे को ग़लत बताया था.
पोस्ट में दावा किया गया था कि भारत सरकार विदेश यात्रा पर टैक्स/सरचार्ज लगाने के बारे में विचार कर रही है, जिसके लिए उच्चस्तरीय पर चर्चा हो रही है. हालांकि, पीएम की प्रतिक्रिया के बाद में मीडिया आउटलेट ने इस पोस्ट को डिलीट कर दिया.
इससे पहले पीएम मोदी ने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए लोगों से ग़ैर-ज़रूरी विदेश यात्रा टालने की अपील की थी. (bbc.com/hindi)


