ताजा खबर
आयकर विभाग को भेजी गई जानकारी
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कांकेर, 15 मई। कांकेर पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक युवक के पास से 21 लाख 30 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार युवक रकम के संबंध में संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति के बैग में बड़ी मात्रा में नगदी रखी हुई है। सूचना के आधार पर थाना कांकेर पुलिस की टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम मोहम्मद मुस्ताक निवासी संतोषी नगर, रायपुर बताया। पुलिस के अनुसार उसका स्थायी पता सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश का है।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक ग्रे-काले रंग का बैग मिला, जिसमें 500 रुपये के 42 बंडल और 100 रुपये के तीन बंडल पाए गए। गिनती में कुल 21 लाख 30 हजार रुपये नगद बरामद हुए।
पुलिस ने बताया कि रकम के स्रोत और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन संबंधित व्यक्ति कोई संतोषजनक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका। इसके बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 106 के तहत कार्रवाई करते हुए रकम जब्त कर ली।
पुलिस ने जब्ती पंचनामा तैयार कर मामले को न्यायालय में प्रस्तुत किया है। साथ ही नगदी के संबंध में जांच के लिए आयकर विभाग रायपुर को पत्र भेजा गया है।


