ताजा खबर
भाई की हत्या में उम्रकैद काट चुका आरोपी फिर बना कातिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जांजगीर-चांपा, 15 मई। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के भंवतरा गांव में जमीन विवाद ने एक बार फिर पूरे परिवार को खून से रंग दिया। हत्या के पुराने मामले में उम्रकैद की सजा काटकर जेल से लौटे एक व्यक्ति ने अपने ही माता-पिता, भतीजे और भतीजी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना गुरुवार सुबह सामने आई। पुलिस को सूचना मिली कि गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। मृतकों में मेदनी प्रसाद कश्यप (70), उनकी पत्नी कांती बाई (65), पोती मोंगरा (25) और पोता पितांबर (17) शामिल हैं। दोनों बच्चे अपने दादा-दादी के साथ रहते थे।
जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड सीधे आरोपी सोनसाय कश्यप के घर तक पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर सोनसाय और उसके 25 वर्षीय बेटे गोलू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने जमीन विवाद के चलते हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार सोनसाय पिछले करीब 20 वर्षों से पारिवारिक जमीन को लेकर विवाद में उलझा हुआ था। वह चाहता था कि करीब सात एकड़ पुश्तैनी जमीन और पूरी संपत्ति उसके नाम कर दी जाए, लेकिन उसके पिता मेदनी प्रसाद इसके लिए तैयार नहीं थे। गांव में चर्चा थी कि मेदनी अपने पोते-पोतियों को भी जमीन में हिस्सा देना चाहते थे। इसी बात को लेकर परिवार में लगातार तनाव बना हुआ था।
बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले भी पिता और बेटे के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने सोनसाय के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की थी। इसके बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ।
जांच में यह भी सामने आया कि सोनसाय पहले भी अपने छोटे भाई पूनाराम की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट चुका था। वर्ष 2009 में जमीन विवाद को लेकर उसने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी थी। करीब दो वर्ष पहले वह जेल से छूटकर गांव लौटा था। पुलिस के अनुसार परिवार की संपत्ति हथियाने की मंशा से उसने एक बार फिर खूनी साजिश रची।
ग्रामीणों के मुताबिक मेदनी प्रसाद ने हाल ही में 40 डिसमिल जमीन करीब आठ लाख रुपए में बेचकर नया मकान बनाना शुरू किया था। सोनसाय इस रकम को अपने कब्जे में लेना चाहता था। इसी को लेकर उसने अपने बेटे के साथ मिलकर बुधवार रात सो रहे परिवार पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांजगीर-चांपा की प्रभारी एसपी निवेदिता पाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। प्रभारी एसपी निवेदिता पाल ने बताया कि जमीन विवाद के चलते आरोपी ने अपने बेटे के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है। आरोपी ने अपने छोटे भाई पूनाराम की भी हत्या की थी। उसकी पत्नी, जिसका पुनर्विवाह परिवार ने वर्षों पहले करा दिया था, घटना की खबर मिलते ही गांव पहुंची और रोते-बिलखते आरोपियों को कोसती रही।


