ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 15 मई। सकरी थाना क्षेत्र में खुद को पुलिसकर्मी बताकर ट्रक चालक को धमकाने, झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर रुपए वसूलने और ट्रक से तंबाकू लूटने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कारों के साथ लूटा गया तंबाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार उमरिया जिले के मानपुर निवासी सुरेंद्र जायसवाल 9 मई को शहडोल से बिलासपुर की ओर ट्रक लेकर आ रहे थे। ट्रक में 210 बोरी गेहूं और 25 बोरी तंबाकू लोड था। हाफा क्षेत्र में हाईवे किनारे वाहन खराब होने पर उन्होंने ट्रक रोक दिया था। इसी दौरान सुबह करीब 8 बजे एक कार में पहुंचे कुछ युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और ट्रक की जांच शुरू कर दी।
आरोप है कि युवकों ने ट्रक से नौ बोरी तंबाकू उतार लिया और चालक को जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। रास्ते भर उसे झूठे मामले में जेल भेजने की धमकी दी गई। बाद में ट्रक मालिक से फोन पर संपर्क कर चालक को छोड़ने के एवज में 8 हजार रुपए मांगे गए। यह रकम चॉइस सेंटर के माध्यम से जमा कराई गई।
मामले की शिकायत सकरी थाने में दर्ज होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया। डीआईजी और एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय चौधरी ने विशेष टीम गठित की।
जांच और बीट सिस्टम के जरिए पुलिस ने चार आरोपियों सिद्धार्थ साहू, नारायण साहू, इस्माइल खान और आनंद साहू उर्फ विक्रांत साहू को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी बिलासपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नौ बोरी तंबाकू, वारदात में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार और अन्य वाहन जब्त किए हैं। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


