ताजा खबर
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची का कहना है कि उन्होंने ब्रिक्स में अपने भाषण में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का ज़िक्र नहीं किया. अराग़ची ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं.
ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में अपना भाषण देने के कुछ समय बाद उन्होंने अपने टेलीग्राम चैनल पर यूएई को ईरान पर हमला करने में अमेरिका और इसराइल का "सक्रिय सहयोगी" बताया.
उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ युद्ध में अमेरिका और इसराइल के साथ यूएई सीधे तौर पर "शामिल" था.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक, अराग़ची ने कहा, "मैंने एकजुटता के लिए अपने भाषण में संयुक्त अरब अमीरात का नाम नहीं लिया और मैंने यही बेहतर समझा. लेकिन वास्तव में मुझे कहना होगा कि यूएई मेरे देश के खिलाफ आक्रामकता में सीधे तौर पर शामिल था."
"जब यह हमला शुरू हुआ तो उन्होंने इसकी निंदा तक नहीं की. उन्होंने हमले के लिए अपने क्षेत्र का इस्तेमाल करने की अनुमति दी."
ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने मलेशिया के विदेश मंत्री मोहम्मद हसन से अलग से मुलाकात की. दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय सहयोग और द्विपक्षीय समझौतों पर चर्चा की. (bbc.com/hindi)


