ताजा खबर
भारी मात्रा में हथियार-विस्फोटक बरामद
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कांकेर, 14 मई। कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस, डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई में नक्सल सामान एवं आईईडी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती जंगल क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान एक नक्सल डम्प का पता चला।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 13 और 14 मई को ग्राम डोमांज, आमाकोल और गट्टाकाल के मध्य जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान के दौरान की गई। अभियान में थाना कोयलीबेड़ा पुलिस, डीआरजी टीम और बीएसएफ के जवान शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि बरामद सामग्री में 50 बीजीएल सेल, दो प्रेशर कुकर आईईडी, दो पाइप आईईडी, बिजली वायर, पांच पेट्रोल बम तथा कॉर्डेक्स वायर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद प्रेशर कुकर आईईडी में से एक को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही निष्क्रिय किया गया।
यह अभियान बस्तर के आईजी सुन्दरराज पी., डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी , पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल कुमार राखेचा तथा सेनानी 40वीं वाहिनी बीएसएफ कोयलीबेड़ा रणधीर सिंह गिल के निर्देशन में संचालित नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत चलाया गया।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में सर्चिंग अभियान जारी है।


