ताजा खबर
केरल के नए मुख्यमंत्री के पद के लिए प्रदेश कांग्रेस आला कमान ने वीडी सतीसन के नाम पर मुहर लगा दी है.
कांग्रेस प्रवक्ता ने एक प्रेस कांफ़्रेंस में बताया, "कांग्रेस विधायक दल की सात मई को तिरुअनंतपुरम में बैठक हुई थी जिसमें सर्वसम्मति से कांग्रेस विधायक दल के नेता चुनने की ज़िम्मेदारी कांग्रेस अध्यक्ष को दे दी गई थी."
प्रवक्ता ने आगे कहा, "कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेस पार्टी के संसदीय चेयरपर्सन, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष, एआईसीसी ऑब्ज़र्वर्स और राज्य के अन्य शीर्ष नेताओं और सांसदों के साथ गहन विचार विमर्श किया."
"इस बातचीत के आधार पर तय किया गया कि वीडी सतीसन को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना जाएगा."
इस फ़ैसले के बाद केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सनी जोसेफ़ ने कहा, "यह बहुत बढ़िया फ़ैसला है."
एआईसीसी के प्रदेश ऑब्ज़र्वर अजय माकन ने कहा, "सभी से बात करने और व्यापक चर्चा करने के बाद ही यह निर्णय लिया गया."
ग़ौतलब है कि केरल विधानसभा में वीडी सतीसन विपक्ष के नेता भी रहे थे.
केसी वेणुगोपाल क्या बोले
कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा, "अंतिम निर्णय आ गया है और कांग्रेस हाई कमान ने केरल सरकार के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में वीडी सतीसन को चुना है."
"मैं इस निर्णय का तहे दिल से स्वागत करता हूं। मैं वीडी सतीसन को इस पद के लिए बधाई देता हूं. मुझे लगता है कि केरल की जनता ने यूडीएफ] को एक बड़ा समर्थन दिया है. वीडी सतीसन के नेतृत्व वाली सरकार केरल की जनता की आकांक्षाओं और वादों को पूरा कर सकती है. निश्चित रूप से, हम केरल सरकार के साथ पूरी तरह से खड़े हैं."
नाम घोषित होने से पहले मीडिया में कयास लगाए जा रहे थे कि मुख्यमंत्री के दावेदारों में केसी वेणुगोपाल का नाम भी प्रमुख था. (bbc.com/hindi)


