ताजा खबर
पेट्रोल और डीज़ल की बचत के लिए दिल्ली सरकार ने राज्य में सरकारी और निजी संस्थानों के लिए हफ़्ते में दो दिन वर्क फ़्रॉम होम लागू करने जा रही है.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा है कि इसके लिए दिल्ली सरकार ने कुछ योजनाएं बनाई हैं.
डीज़ल और प्रेट्रोल बचाने के लिए दिल्ली सरकार एक जन अभियान ‘मेरा भारत मेरा योगदान चलाएगी.’
रेखा गुप्ता ने बताया, “इसके लिए दिल्ली सरकार में हर हफ़्ते दो दिन वर्क फ़्रॉम होम रहेगा और इसी तरह प्राइवेट सेक्टर में भी हर एक कंपनी और संस्थान को कहा जाएगा कि दो दिन के लिए वर्क फ़्रॉम होम करें. यह सलाह होगी और श्रम विभाग इसकी निगरानी करेगा.”
रेखा गुप्ता का कहना है कि बड़ी कंपनी में इसे लागू करने के लिए वे ख़ुद दिल्ली सरकार के अन्य मंत्रियों और अधिकारियों के साथ मिलकर इसका आग्रह करेंगे.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विश्वविद्यालयों से भी कहा है कि जिन मामलों में संभव हो काम के लिए ऑनलाइन मोड का सहारा लें.
रेखा गुप्ता ने अदालतों से अधिकतम सुनवाई ऑनलाइन मोड से करने का आग्रह किया है.
इसके अलावा दिल्ली सरकार ने अगले एक साल के लिए अपने अधिकारियों और मंत्रियों की विदेश यात्रा पर रोक लगा दी है. (bbc.com/hindi)


