ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जांजगीर-चांपा, 14 मई । जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के भवतरा गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई है। देर रात हुई इस वारदात में पति-पत्नी और परिवार के दो अन्य सदस्यों की निर्मम तरीके से जान ले ली गई। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार परिवार नए मकान के निर्माण कार्य के चलते वहीं रुका हुआ था। सुबह काम पर पहुंचे मिस्त्री ने जब चारों को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा तो तत्काल गांव के सरपंच और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद शिवरीनारायण थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की गई।
मृतकों में मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा शामिल हैं । प्रारंभिक जांच में किसी धारदार हथियार, संभवतः कुल्हाड़ी, से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग भय के माहौल में हैं।
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है ताकि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा सकें। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का दावा किया है।


