ताजा खबर

पूर्व हॉकी खिलाड़ी और कोच पीआर श्रीजेश ने लगाया हॉकी इंडिया पर ये आरोप
14-May-2026 11:00 AM
पूर्व हॉकी खिलाड़ी और कोच पीआर श्रीजेश ने लगाया हॉकी इंडिया पर ये आरोप

पूर्व हॉकी खिलाड़ी और कोच पीआर श्रीजेश ने कहा है कि एक कोच के तौर पर बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद उन्हें हटाया जा रहा है.

उन्होंने दावा किया है कि हॉकी इंडिया की पसंद विदेशी कोच हैं इसलिए भारत की जूनियर हॉकी टीम के कोच के तौर पर उनका कार्यकाल अचानक ख़त्म किया जा रहा है.

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''ऐसा लगता है कि डेढ़ साल बाद मेरा कोचिंग करियर समाप्त हो रहा है. इस दौरान हमने पांच टूर्नामेंट खेले और सभी में पोडियम फिनिश हासिल की, जिसमें जूनियर विश्व कप का कांस्य पदक भी शामिल है.''

''मैंने खराब प्रदर्शन के बाद कोचों को हटाए जाने के बारे में सुना था, लेकिन यह पहली बार है जब मैं खुद यह अनुभव कर रहा हूं कि किसी विदेशी कोच के लिए जगह बनाने के मकसद से मुझे हटाया जा रहा है.''

उन्होंने लिखा, ''हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ने कहा कि सीनियर पुरुष टीम के मुख्य कोच जूनियर टीम के लिए विदेशी हेड कोच चाहते हैं. उनका मानना है कि इससे जूनियर स्तर से लेकर सीनियर स्तर तक भारतीय हॉकी के विकास में मदद मिलेगी. यही वजह है कि विदेशी कोचों को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है.''

पीआर श्रीजेश भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान रहे हैं. वह 2020 और 2024 ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट