ताजा खबर

फर्जी ग्रामसभा एनओसी के आधार पर जनसुनवाई का आरोप
13-May-2026 8:22 PM
फर्जी ग्रामसभा एनओसी के आधार पर जनसुनवाई का आरोप

  भूपेश ने कहा, मोदी देश के लिए घातक  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 मई। पूर्व सीएम, और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर ग्रामसभा के अधिकारों के उल्लंघन और फर्जी एनओसी के आधार पर उद्योगों की जनसुनवाई कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ग्राम अलदा में बालाजी स्पंज एंड आयरन लिमिटेड और देवरी-घुलघुल में अग्रसेन स्टील एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना के लिए संदिग्ध और गैर-संवैधानिक प्रक्रियाएं अपनाई गईं।

भूपेश बघेल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि ग्राम अलदा की ग्रामसभा के प्रस्ताव में कूट रचना कर सहमति दिखाई गई, जिसे जांच समिति ने फर्जी पाया। वहीं देवरी-घुलघुल में बिना ग्रामसभा और पंचायत बैठक के कथित रूप से फर्जी एनओसी जारी कर दी गई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण लगातार उद्योगों का विरोध कर रहे हैं, लेकिन उनकी आपत्तियों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा जनसुनवाई में विरोध पत्र देने की कोशिश की गई, लेकिन अधिकारियों ने पत्र लेने से इंकार कर दिया। कांग्रेस ने फर्जी एनओसी और उसके आधार पर जारी सभी स्वीकृतियों को तत्काल निरस्त करने की मांग की।

 बघेल ने पीएम नरेंद्र मोदी की नीतियों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि नोटबंदी, जीएसटी और लॉकडाउन जैसे फैसलों से देश को नुकसान हुआ है। बघेल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री जनता से ईंधन, खाद, गैस और सोने के उपयोग में कटौती की अपील कर रहे हैं, जबकि सरकार जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में विफल रही है।

उन्होंने वर्तमान वैश्विक संकट पर लोकसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग करते हुए कहा कि केंद्र सरकार हालात का सही आकलन करने में असफल रही है। पत्रकार वार्ता में सुशील आनंद शुक्ला, शैलेश नितिन त्रिवेदी, अटल श्रीवास्तव, धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा और अजय साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।


अन्य पोस्ट