ताजा खबर
छग भाजपा नेताओं को सीख-खेल में नहीं होनी चाहिए राजनीति
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 13 मई । छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद,क्रिकेट बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने अपने प्रदेश दौरे पर छग भाजपा नेताओं पर हमला किया। भाजपा नेता कहते रहे हैं उनका छत्तीसगढ़ दौरा केवल क्रिकेट मैचों तक सीमित रहता है। इस पर शुक्ला ने कहा, “मैं हमेशा छत्तीसगढ़ आता रहता हूं। यहां क्रिकेट को लाना जरूरी था। क्रिकेट और खेल में कभी राजनीति नहीं होनी चाहिए। भाजपा के नेताओं को सोच-समझकर बयान देना चाहिए। उन्होंने कहा, भाजपा हर समय राजनीति और आलोचना करती है। जनता एक दिन उन्हें सबक सिखाएगी और पता भी नहीं चलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 7 अपील से जुड़े सवाल पर भी राजीव शुक्ला ने कहा, “मेरा मानना है कि जो बात कही जाए, उसे पहले खुद अपनाकर दिखाना चाहिए। भाजपा नेता खुद सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ चलते हैं। बिना सोने के क्या शादी-विवाह होते हैं? कितनी गाड़ियां कम होंगी, इसका क्या पैरामीटर है? कुछ गाड़ियां नहीं चलेंगी तो उससे क्या फर्क पड़ेगा?”
शुक्ला, आईपीएल के आज होने वाले मैच को देखने आए हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों के आयोजन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
राजीव शुक्ला ने कहा कि जब वह आईपीएल के चेयरमैन थे, तब भी रायपुर में दो मुकाबलों का आयोजन कराया गया था। उन्होंने कहा कि इस बार आरसीबी प्रबंधन ने दो मैचों के लिए रायपुर को चुना है, जिसके लिए वह टीम प्रबंधन के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि लगातार अंतरराष्ट्रीय मुकाबले और बड़े क्रिकेट आयोजन छत्तीसगढ़ में हो रहे हैं, जिसका फायदा यहां के युवाओं और खेल प्रतिभाओं को मिलेगा।
उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को क्रिकेट और खेल के क्षेत्र में अधिक अवसर मिलें। रायपुर जैसे शहर में आईपीएल मैच होना प्रदेश के लिए बड़ी बात है।”


