ताजा खबर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में लोगों से गैर-जरूरी विदेश यात्राओं से बचने की अपील की है. ट्रैवल सेक्टर से जुड़े लोगों का कहना है कि इस बयान के बाद गर्मियों के मौसम में विदेश जाने की मांग पर असर पड़ रहा है. ट्रैवल ऑपरेटरों के अनुसार, पहले ही महंगाई के दबाव के कारण इस सीजन में बुकिंग और पूछताछ में 10 से 15 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई है और यह अपील इस गिरावट को और बढ़ा सकती है.
यह स्थिति ऐसे समय में सामने आई है जब वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है और हवाई किराए पहले से ही महंगे हो चुके हैं. एयरलाइंस ने ईंधन शुल्क बढ़ा दिया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय यात्रा की लागत काफी बढ़ गई है. इसके अलावा होटल और विदेश में अन्य खर्च भी बढ़ रहे हैं, जिससे यात्रियों के लिए विदेश यात्राएं और महंगी हो गई हैं. निवेशकों ने भी इस स्थिति पर चिंता जताई है, जिसके चलते ट्रैवल कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखी गई.
हालांकि, विशेषज्ञ मानते हैं कि यह असर अस्थायी हो सकता है और भविष्य में मांग फिर से बढ़ सकती है. भारत का पर्यटन क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है और लंबे समय में आउटबाउंड यात्रा में मजबूत वृद्धि की उम्मीद है. प्रधानमंत्री की अपील के चलते घरेलू पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है, लेकिन ट्रैवल एजेंसियों के लिए यह कम मुनाफे वाला क्षेत्र है. (dw.com/hi)


