ताजा खबर
भाजपा कार्यसमिति में राजनीतिक प्रस्ताव पारित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 मई। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए नक्सल उन्मूलन को डबल इंजन सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान की सराहना की गई। साथ ही विधानसभा, लोकसभा और नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा को मिले जनादेश को जनता के विश्वास का प्रतीक बताया गया।
प्रस्ताव का समर्थन पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा और सांसद रूपकुमारी चौधरी ने किया।
प्रस्ताव में कहा गया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार ने ‘मोदी गारंटी’ के अधिकांश वादे पूरे किए हैं। भाजपा ने विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को दोहराया।

कार्यसमिति में पश्चिम बंगाल, असम और अन्य राज्यों में भाजपा की चुनावी सफलता का उल्लेख करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता के बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया गया। प्रस्ताव में सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण, अयोध्या राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकाल लोक जैसे कार्यों का भी उल्लेख किया गया।
प्रदेश सरकार की योजनाओं, सुशासन तिहार, किसानों और महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की सराहना की गई। कार्यसमिति ने केंद्रीय सुरक्षा बलों, डीआरजी और स्थानीय पुलिस बलों के जवानों के योगदान को सराहा तथा नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी।
पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना की कार्रवाई की भी प्रशंसा की गई। कार्यसमिति ने महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही पश्चिम एशिया संकट के बीच प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बताया गया।


