ताजा खबर

आईपीएल सट्टे के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़, 1 करोड़ जब्त
13-May-2026 5:43 PM
आईपीएल सट्टे के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़, 1 करोड़ जब्त

 हवाला, ब्लैक मनी और संगठित अपराध की परतें खुलीं, 3 बंदी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 13 मई।
रायगढ़ जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और उससे जुड़े हवाला नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपये नगद, नोट गिनने की मशीन, मोबाइल और डिजिटल ट्रांजेक्शन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फरार एक आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार आईपीएल सट्टे की आड़ में संचालित इस सिंडिकेट का नेटवर्क रायगढ़, रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और दिल्ली तक फैला हुआ था।

पुलिस के मुताबिक कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर सेल, कोतवाली थाना और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने की। जांच में सामने आया कि यह गिरोह  सिर्फ ऑनलाइन सट्टा ही नहीं चला रहा था, बल्कि सट्टे से अर्जित काली कमाई को हवाला चैनलों के जरिए सफेद धन में बदलने का संगठित खेल भी चला रहा था।

पुलिस टीम ऑनलाइन सट्टेबाजी के साथ-साथ कथित तौर पर हवाला माध्यमों से रकम के लेन-देन की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने रायगढ़ निवासी करन चौधरी को मामले का मुख्य आरोपी बताया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ और डिजिटल जांच में यह जानकारी मिली कि आरोपी कथित रूप से अपने बैंक खातों के बजाय कर्मचारियों, परिचितों और सहयोगियों के खातों और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर रहा था।

फ्लैट से करोड़ की नगदी बरामद
पुलिस ने करन चौधरी से मिली जानकारी के आधार पर कृष्णा प्राइड टावर स्थित एक फ्लैट में छापेमारी की। वहां से पुलिस ने पुष्कर अग्रवाल और उसके पिता सुनील अग्रवाल के कब्जे से नगदी और अन्य सामग्री जब्त करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार सुनील अग्रवाल के पास से 50 लाख रुपये नगद, नोट गिनने की मशीन और मोबाइल फोन जब्त किए गए, जबकि पुष्कर अग्रवाल के पास से 52 लाख 60 हजार रुपये नगद और मोबाइल बरामद किए गए।

पुलिस का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक चैट, यूपीआई ट्रांजेक्शन, कॉल डिटेल और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच में सट्टेबाजी से जुड़े लेन-देन के संकेत मिले हैं। मामले की जांच जारी है।

डिजिटल लेन-देन की जांच शुरू
इससे पहले 26 अप्रैल को साइबर सेल और पुलिस टीम ने रायगढ़ और घरघोड़ा में कार्रवाई कर छह लोगों को गिरफ्तार किया था। 

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने करन चौधरी और फरार आरोपी जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार के नाम बताए थे। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और डिजिटल लेन-देन की जांच शुरू की।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार फरार आरोपी जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार की तलाश जारी है। उस पर ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप है।


अन्य पोस्ट