ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 12 मई। नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही सोमवार से नामांकन पत्र लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई। हालांकि पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इसके बावजूद राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों की सक्रियता ने चुनावी माहौल को गर्म कर दिया है। विशेष रूप से नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपनी रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं।
नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 18 मई निर्धारित की गई है। इसके बाद 19 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 21 मई तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 1 जून को कराया जाएगा।
नगर निगम के संजय गांधी नगर वार्ड 29 पार्षद पद के लिए जिला कलेक्टोरेट के भूतल स्थित कक्ष क्रमांक 25 में नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। इस सीट पर होने वाला उपचुनाव अब केवल एक वार्ड का चुनाव नहीं रह गया है, बल्कि भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन चुका है। यही कारण है कि संगठन स्तर पर लगातार बैठकें, फीडबैक और समीकरण साधने की कवायद जारी है।
सोमवार को विधायक अमर अग्रवाल ने अपने बंगले में टिकट के दावेदारों और समर्थकों की बैठक ली। बैठक में चुनाव जीतने की रणनीति पर चर्चा हुई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने स्तर पर तैयारी करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि टिकट वितरण का अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान करेगा। बैठक में यह भी कहा गया कि पार्टी का लक्ष्य हर हाल में जीत हासिल करना है, इसलिए जिसे भी टिकट मिले, उसे सभी को साथ लेकर चुनाव लड़ना होगा।
दूसरी ओर कांग्रेस भी वार्ड में अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए सक्रिय हो गई है। जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा उम्मीदवार चयन समिति के साथ लगातार चर्चा कर रहे हैं। वार्ड में जनसंपर्क गतिविधियां बढ़ गई हैं और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है। चुनावी चर्चाओं ने स्थानीय माहौल को पूरी तरह राजनीतिक रंग दे दिया है। यह सीट कांग्रेस पार्षद शेख असलम के निधन से खाली हुई है। इसके पूर्व के कार्यकाल में उनके भाई शेख गफ्फार का निधन हो गया था, जिसके बाद हुए उप चुनाव में पार्षद निर्वाचित हुए थे।
इधर त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के लिए संबंधित जनपद पंचायत कार्यालयों में नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। नगर निगम पार्षद चुनाव के लिए अपर कलेक्टर डॉ. ज्योति पटेल को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है, जबकि पंचायत चुनाव की जिम्मेदारी संबंधित तहसीलदारों को सौंपी गई है।
जिले में नगर निगम के एक पार्षद पद, दो सरपंच और 16 पंच पदों के लिए उपचुनाव होना है। मस्तूरी विकासखंड के केवताडीह (भूतहा) ग्राम पंचायत में पूर्व सरपंच पंचराम गोंड के निधन के कारण पद रिक्त हुआ है। वहीं बिल्हा विकासखंड के मानिकपुर ग्राम पंचायत में पिछले चुनाव के दौरान एक भी नामांकन नहीं मिलने के कारण सरपंच पद खाली है।
इसके अलावा बिल्हा विकासखंड में तीन, मस्तूरी में छह और कोटा विकासखंड में सात पंच पदों पर भी चुनाव होंगे। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल ने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत उपचुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। साथ ही एसडीएम और तहसीलदारों को रैली, जुलूस और लाउडस्पीकर की अनुमति देने के अधिकार सौंपे गए हैं।


