ताजा खबर

जमीन नापने पहुंची राजस्व टीम को ग्रामीणों ने घेरा, चार के खिलाफ केस दर्ज
12-May-2026 12:19 PM
जमीन नापने पहुंची राजस्व टीम को ग्रामीणों ने घेरा, चार के खिलाफ केस दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 12 मई। जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत नोनबिर्रा गांव में जमीन सीमांकन के दौरान विवाद सामने आया है। सीमांकन करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम को ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक मौके पर रोककर रखा और जमकर हंगामा किया। मामले में शासकीय कार्य में बाधा, धमकी देने और बंधक बनाने के आरोपों के तहत चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।

जानकारी के मुताबिक बालको निवासी भरत चौहान नोनबिर्रा हल्का में पटवारी के पद पर पदस्थ हैं। 8 मई को वे राजस्व निरीक्षक जयपाल सिंह के साथ नायब तहसीलदार के निर्देश पर गांव में भूमि सीमांकन के लिए पहुंचे थे। सीमांकन की प्रक्रिया चल रही थी और संबंधित पक्षों को जमीन की नाप-जोख के बारे में जानकारी दी जा रही थी।

इसी दौरान दोपहर करीब एक बजे संतराम, उसका पुत्र लीलाधर पटेल, हरिराम और हुकुमचंद पटेल ने सीमांकन पर आपत्ति जताते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि चारों ने राजस्व टीम की गाड़ी के पीछे मोटरसाइकिल खड़ी कर दी, ताकि अधिकारी वहां से निकल न सकें।

विवाद के दौरान अधिकारियों को रस्सी लाकर बांधने की धमकी भी दी गई। बताया गया कि बहस के बीच लीलाधर ने फांसी लगने जैसी बातें भी कहीं। आरोपियों ने पटवारी और राजस्व निरीक्षक पर रिश्वत लेकर गलत सीमांकन करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि जब तक नायब तहसीलदार, कलेक्टर और थाना प्रभारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक किसी को जाने नहीं दिया जाएगा।

राजस्व टीम का कहना है कि उन्हें करीब दो घंटे तक घेरकर रखा गया, जिससे सीमांकन की सरकारी प्रक्रिया बाधित हुई। इस दौरान गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

पटवारी भरत चौहान की शिकायत पर करतला पुलिस ने संतराम, लीलाधर पटेल, हरिराम और हुकुमचंद पटेल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट