ताजा खबर
योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन करने के निर्देश
रायपुर, 11 मई। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की नई सचिव श्रीमती शंगीता आर. ने आज इंद्रावती भवन पहुंचकर संचालनालय और सूडा कार्यालय का भ्रमण किया। उन्होंने अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने नगरीय निकायों के कार्यों, योजनाओं, अधोसंरचना विकास, स्वच्छता, जलप्रदाय, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन तथा अन्य शहरी विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सर्वजन हिताय के मूल-मंत्र को ध्यानन में रखते हुए नागरिकों की सुविधा के लिए समयबध्द तरीके से कार्य करने के लिए अधिकारियों को प्रेरित किया।
सचिव श्रीमती शंगीता आर. ने अधिकारियों को सभी कार्यों और परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। विभागीय योजनाओं के बेहतर संचालन, कार्यों में तेजी लाने तथा नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई।
इस दौरान सूडा सीईओ शशांक पाण्डेय, अतिरिक्त सीईओ दुष्यंत कुमार रायस्त, विभाग के अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, मुख्य अभियंता राजेश शर्मा और संयुक्त संचालक मिथिलेश अवस्थी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में मौजूद थे।


