ताजा खबर
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को बताया कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का फाइनल मुकाबला बेंगलुरु की बजाय अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मुकाबला 31 मई को खेला जाना है. बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि मूल रूप से फाइनल की मेजबानी के लिए बेंगलुरु को चुना गया था लेकिन “स्थानीय एसोसिएशन और प्रशासन की कुछ मांगे, बीसीसीआई की स्थापित गाइडलाइंस और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर थीं इसलिए वेन्यू को शिफ्ट किया गया है.”
आईपीएल के नए शिड्यूल के मुताबिक, अब प्लेऑफ मुकाबले तीन अलग-अलग जगहों पर होंगे. 26 मई को धर्मशाला में पहला क्वालिफायर खेला जाएगा. इसके बाद न्यू चंडीगढ़ में 27 मई को एलिमिनेटर और 29 मई को दूसरा क्वालिफायर मुकाबला खेला जाएगा. अंत में 31 मई को अहमदाबाद के विशाल नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबला खेला जाएगा. यह दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट मैदान है, जिसकी क्षमता 1.3 लाख दर्शकों की है.
इस मैदान में लगातार हाई-प्रोफाइल मुकाबले होते रहे हैं. साल 2023 में एकदिवसीय विश्वकप का फाइनल मुकाबला यहीं खेला गया था. इस साल हुए टी-20 विश्वकप का फाइनल मुकाबला भी यहीं खेला गया. अब आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला भी यहां शिफ्ट होने के बाद, यह पिछले पांच साल में यहां खेले जाने वाला चौथा फाइनल मुकाबला होगा. (dw.com/hi)


