ताजा खबर
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइज़ेशन (डब्लूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम गेब्रेयासेस ने बताया है कि हंता वायरस के तीन संदिग्ध मरीज़ों को एक जहाज़ से निकाला गया है और उन्हें इलाज के लिए नीदरलैंड्स ले जाया जा रहा है.
गेब्रेयासेस ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया, ''जहाज़ के ऑपरेटरों के साथ मिलकर यात्रियों और क्रू की सेहत पर कड़ी नज़र रखी जा रही है, और ज़रूरत पड़ने पर उचित चिकित्सा सहायता और उन्हें बाहर निकालने में मदद के लिए अन्य देशों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है.''
उनके मुताबिक़, जहाज़ पर मौजूद यात्रियों और जो लोग पहले ही जहाज़ से उतर चुके हैं, उनके लिए निगरानी और फ़ॉलोअप का काम जहाज़ के ऑपरेटरों और राष्ट्रीय स्वास्थ्य अधिकारियों के सहयोग से शुरू कर दिया गया है.
इससे पहले डब्लूएचओ ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि स्विस अधिकारियों ने एमवी होंडियस क्रूज़ शिप के एक पैसेंजर में हंता वायरस के केस की पुष्टि की है.
डब्लूएचओ ने बताया, ''स्विस अधिकारी ने शिप के ऑपरेटर के एक ईमेल के जवाब में पैसेंजर की सेहत से जुड़ी ताज़ा जानकारी के बारे में बताया था और कहा था कि वह स्विट्ज़रलैंड के ज़्यूरिख के एक हॉस्पिटल में भर्ती हो गए हैं, जहां उनका इलाज हो रहा है.''
इंटरनेशनल हेल्थ रेगुलेशन्स (आईएचआर) के अनुसार, डब्लूएचओ संबंधित देशों के साथ मिलकर इंटरनेशनल कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में मदद कर रहा है, ताकि यह पक्का किया जा सके कि जो लोग संभावित रूप से संक्रमण के संपर्क में आए हैं, उन पर नज़र रखी जाए और बीमारी का आगे फैलाव कम हो.
डब्लूएचओ के मुताबिक़ 6 मई तक सामने आए आठ मामलों में अब तक लैब टेस्टिंग से 3 हंता वायरस केस कन्फ़र्म हुए हैं. (bbc.com/hindi)


