ताजा खबर

अपने नेताओं के बयान और सोशल मीडिया पोस्ट पर तृणमूल कांग्रेस ने यह कहा
07-May-2026 9:33 AM
अपने नेताओं के बयान और सोशल मीडिया पोस्ट पर तृणमूल कांग्रेस ने यह कहा

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने एक बयान जारी कर कहा है कि उसके कुछ नेताओं ने हाल के समय में मीडिया के सामने अपने विचार रखे हैं जो पार्टी का आधिकारिक बयान नहीं है.

टीएमसी ने कहा, ''हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि मीडिया में दिए गए या सोशल मीडिया पर शेयर किए गए ऐसे बयान संबंधित व्यक्ति के निजी विचार हैं. जब तक कि उचित माध्यम से आधिकारिक रूप से न बताया जाए, इन्हें पार्टी के आधिकारिक रुख़ नहीं समझा जाए.''

टीएमसी ने इस मामले में किसी ख़ास नेता के किसी बयान का ज़िक्र नहीं किया है.

पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनावों में बीजेपी की जीत हुई है. चुनावों में बीजेपी को 207 और टीएमसी को 80 सीटें मिली हैं.

चुनाव परिणाम आने के बाद टीएमसी के कई नेताओं ने बयान दिए हैं और जिनमें टीएमसी की हार और बीजेपी की जीत पर टिप्पणी की गई है.

ममता बनर्जी ने हार स्वीकार करने से इनकार कर दिया है और कहा कि बीजेपी ने चुनाव चुरा लिया है.

यहाँ तक कि ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफ़ा देने से इनकार कर दिया और सवाल किया कि जब उन्हें अनुचित तरीके़ से हराया गया है, तो वह इस्तीफ़ा क्यों दें.

उन्होंने कहा, "मेरे इस्तीफ़े का सवाल ही नहीं उठता. हमें जनादेश से नहीं बल्कि साज़िश के ज़रिए हराया गया है.'' (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट