ताजा खबर
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में बुधवार शाम को यमुना नदी में एक नाव डूब गई. इसमें सवार तीन लोगों को तो तुरंत रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि 6 लोग अब भी लापता हैं.
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फ्लड पैक यूनिट जैसी टीमें बुला ली गई हैं, जो तलाशी अभियान में शामिल हैं.
ज़िलाधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि, "घाटमपुर से 9 लोगों को लेकर जा रही नाव यमुना नदी में डूब गई. खबर मिलते ही गांव वाले और पुलिस मौके पर पहुंचे. 3 लोगों को तुरंत बचा लिया गया, लेकिन 6 लोग अब भी लापता हैं."
उन्होंने आगे बताया, "नाविक ने बताया कि नाव पलटी नहीं थी बल्कि अपने आप डूब गई. जो लोग तैरना जानते थे, वे बाहर निकल गए, जबकि बाकी 6 लोगों की तलाश जारी है."
बीजेपी विधायक मनोज प्रजापति ने कहा, "जो 6 लोग लापता हैं, इनमें 5 बच्चे और एक महिला शामिल हैं. प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. 3 एसडीआरएफ टीमें तैनात की गई हैं. सरकार नियमों के अनुसार कार्रवाई करेगी और पूरी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को दी जाएगी." (bbc.com/hindi)


