ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जगदलपुर/दंतेवाड़ा, 6 मई। दंतेवाड़ा जिले के गायत्री चौक में बीती रात एक कार में चलने के दौरान अचानक से आग लग गई। घटना के तत्काल बाद ही कार चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। जब तक फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुँच पाती, कार पूरी तरह से जलकर खाक हो गई।
इस घटना के बाद आसपास के लोगों ने वीडियो को सोशल मीडिया में शेयर कर दिया। जिसके बाद लोगों की भीड़ लग गई। वहीं चालक पूरी तरह से सुरक्षित बताया जा रहा है।
बताया गया कि बचेली निवासी युवक अपनी कार की सर्विसिंग कराने के लिए जगदलपुर आया हुआ था। वहां से वापस आने के दौरान रात करीब 9.30 जैसे ही गाड़ी दंतेवाड़ा के गायत्री चौक के पास पहुंची कि अचानक गाड़ी से धुआं निकलने लगा। गाड़ी में देखते ही देखते आग की लपटे निकलने लगी। जब तक लोग समझ पाते, कार में लगी आग की लपटे ऊपर तक जाने लगी।
आसपास के लोगों ने सोशल मीडिया में कार के जलने का वीडियो को शेयर कर दिया। सड़क के बीचोंबीच जलती कार के चलते जाम की स्थिति लग गई।
फायर बिग्रेड के अलावा अन्य वाहन भी आ पहुंची। जहां काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन कार पूरी तरह से खाक हो गई थी।
फिलहाल रात को ही जली कार को हटाकर मार्ग में आवाजाही शुरू कर दी गई थी। जगदलपुर।


