ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 5 मई। राजधानी रायपुर में मंगलवार शाम अचानक बदले मौसम ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। तेज आंधी और बारिश के चलते शहर के अधिकांश इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोग परेशान होते रहे।
जानकारी के अनुसार शाम होते-होते मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। आंधी की वजह से कई स्थानों पर पेड़ की डालियां टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गईं, जिससे आपूर्ति ठप हो गई।
समाचार लिखे जाने तक शहर के कई इलाकों में बिजली बहाल नहीं हो सकी थी। कमल विहार,दलदल सिवनी सहित कई जगहों पर तीन घंटे से ज्यादा समय से बिजली गुल है।बिजली विभाग की टीमें फॉल्ट सुधारने में जुटी हुई हैं और जल्द ही आपूर्ति सामान्य होने का दावा किया जा रहा है।
अचानक आई इस आंधी-बारिश से तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन बिजली गुल होने से असुविधा का सामना करना पड़ा।


