ताजा खबर
शराब घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 3 मई। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 380 करोड़ की संपत्तियों को कुर्क किया है। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम-2002 के तहत की गई है।
ईडी के रायपुर जोनल कार्यालय द्वारा 30 अप्रैल को रायपुर, दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर में कुल 13 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। यह कार्रवाई शराब कारोबारियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट, व्यवसायियों और कॉर्पोरेट संस्थाओं से जुड़े परिसरों पर की गई।
तलाशी के दौरान एजेंसी ने करीब 53 लाख नकद और 3.234 किलोग्राम सोने के आभूषण ( 4.86 करोड़ मूल्य) जब्त किए, जिससे कुल जब्ती करीब 5.39 करोड़ हो गई। इसके अलावा कई अहम दस्तावेज और डिजिटल उपकरण भी बरामद किए गए हैं, जिनका विश्लेषण जारी है।
जांच में सामने आया है कि वर्ष 2019 से 2022 के बीच शराब व्यापार में अनियमितताओं के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध कमाई की गई। ईडी ने अब तक इस घोटाले से जुड़ी कुल अपराध की आय लगभग 2,883 करोड़ आंकी है।
अब तक इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, आबकारी विभाग के अधिकारी और अन्य आरोपी शामिल हैं। ईडी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई संभव है।


