ताजा खबर

राज्यपाल ने जल -पर्यावरण संरक्षण पर दिया विशेष जोर
05-May-2026 8:08 PM
राज्यपाल ने जल -पर्यावरण संरक्षण पर दिया विशेष जोर

कोंडागांव में ली बैठक, ग्रामीण आजीविका संवर्धन को सुदृढ़ करने के निर्देश

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कोंडागांव, 5 मई।
छतीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने मंगलवार को कोंडागांव जिले के जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बैठक में जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जल संचयन और एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधरोपण करने और ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ करने के प्रयासों पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी अधिकारियों को आम नागरिकों के समस्याओं का समाधान मानवीय संवेदना के साथ करने के निर्देश दिए।

राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि माओवाद के खात्मे के बाद अब परिस्थिति बदल गई है। नए परिदृश्य में सभी अधिकारी शासन की फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन बेहतर ढंग से करें। उन्होंने जल संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गांव की जल स्तर के वर्षा से पहले और बाद की स्थिति का आंकलन अवश्य करें। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत बनने वाले आवास में रैन हार्वेस्टिंग संरचना को शामिल करने पर जोर दिया।

उन्होंने एनसीसी में अधिक से विद्यार्थियों को जोडऩे के लिए प्रेरित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों में अनुशासन और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के लिए बहुत जरूरी है। राज्यपाल ने जिले के विशेष पिछड़ी  जनजाति समूह के व्यक्तियों को प्रधानमंत्री जन मन योजना से के माध्यम से शासन की योजनाओं से शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाते हुए उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएं। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं के कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन पर जोर देते हुए कहा कि स्व सहायता समूह द्वारा बनाए गए उत्पादों के मूल्य संवर्धन हेतु कार्य करें और मार्केटिंग चैन विकसित करें। साथ ही  जैविक खेती पर जोर देते हुए इसके उपज की भी मार्केटिंग हेतु सप्लाई चैन तैयार करने के निर्देश दिए।

राज्यपाल ने योग को अपने दैनिक जीवन का अनिवार्य अंग बनाने को कहा और विद्यार्थियों को भी इसके लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने बालिकाओं एवं महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य पर जोर देते हुए 08 मई को शिविर आयोजित कर स्वास्थ्य परीक्षण विशेषकर स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने पेंशन प्रकरणों के समय पर निराकरण, नशे के प्रवृत्ति पर रोकथाम के लिए सार्थक पहल करने और टीबी उन्मूलन के लिए सक्रियता के साथ कार्य करने और रेडक्रास की सदस्या बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने जिले में योजनाओं के क्रियान्वयन और नवाचार की जानकारी पीपीटी के माध्यम से दी। इसके अलावा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों द्वारा जल-संवर्धन के प्रयास, पौधारोपण एवं पर्यावरण संवर्धन, जैविक कृषि को प्रोत्साहन, स्वच्छता के साथ जीवन शैली पर विशेष ध्यान, बेहतर स्वास्थ्य हेतु योग व्यायाम के प्रति जागरुकता, टीबी उन्मूलन, बाल लिंगानुपात एवं बालिकाओं की शिक्षा पर ध्यान, बच्चों की शिक्षा विशेषकर श्रमिक एवं अनाथ बच्चों पर ध्यान, पुस्तकालय-वाचनालय की उपलब्धता, स्कूल कॉलेजों में नैतिक एवं सामाजिक जागरुकता कार्यक्रम, एनसीसी के प्रति आकर्षण बढ़ाना, राष्ट्रीय एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण एवं सम्मान, असहाय-परित्यक्त वृद्धजनों की सहायता, महिलाओं के कौशल विकास एवं स्व-सहायाता समूहों के सशक्तिकरण, नशा मुक्ति एवं सुधारात्मक कार्यक्रम, सहकारिता की भावना का विकास, जनजातीय एवं वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास, ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरुकता एवं पालन, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी गतिविधियाँ, आकांक्षी जिला कार्यक्रम की जानकारी एवं प्रगति की जानकारी दी गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई सहित जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट