ताजा खबर
ट्रैफिक पुलिस ने बचाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 मई। पद्मश्री फूलबासन यादव का मंगलवार दोपहर बाद दो महिला द्वारा कथित रूप से अपहरण करने का मामला सामने आया है। पुलिसने दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।
कार में बंधक बनाकर श्रीमती यादव को दो महिलाएं जब सिटी के अंदर से लेकर गुजर रही थी, उसी दौरान फूलबासन ने बंधक बनाने का ट्रैफिक जवान को इशारा किया। इसके बाद ट्रैफिक जवान से मिले वायरलेस पर पॉइंट के आधार पर कार को सामने के चौक में रोका गया जिसमें फूलबासन को बंधक की स्थिति में बरामद किया गया।
पुलिस ने तत्काल अपहरण के मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी महिलाएं बेमेतरा जिले की बताई जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि अपहरण के पीछे का वजह अब तक स्पष्ट नहीं हुई है।
इस संबंध में राजनांदगांव के आईजी बालाजी राव ने बताया कि महिला आरोपी महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। अपहरण के पीछे का उद्देश्य अभी साफ नहीं हुआ है।
इधर, फूलबासन यादव के कथित अपहरण के मामले में पुलिस सुरक्षा और सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं प्रशासनिक स्तर पर इस घटना से खलबली मच गई है। श्रीमती यादव मां बमलेश्वरी स्व सहायता समूह की प्रमुख है और अन्य सामाजिक कार्यों में आगे रहती हैं।
बताया जा रहा है कि राज्य के आला अफसरों ने भी इस घटना को लेकर राजनांदगाव एसपी और अन्य पुलिस अफसरों से विस्तृत जानकारी मांगी है। आरोपी महिलाओं से सुकुलदैहान पुलिस चौकी में एसपी कीर्तन राठौर पूछताछ कर रहे हैं ।
इस बीच श्रीमती यादव पूरी तरह से सुरक्षित मिली हैं। आरोपी महिलाओं के संबंध में श्रीमती यादव से भी जानकारी ली जा रही है।
बहरहाल, दिनदहाड़े फूलबासन के अपहरण के प्रयास की घटना ने पुलिस की नींद उड़ा दी।


