ताजा खबर
सुशासन तिहार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 5 मई। विष्णुदेव साय के सख्त निर्देशों के बाद पत्थलगांव से कुनकुरी के बीच लंबे समय से लंबित सडक़ मरम्मत कार्य में अब तेजी आ गई है। हाल ही में बलरामपुर में आयोजित सरगुजा संभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने सडक़ की खराब स्थिति और कार्य में हो रही देरी पर गहरी नाराजगी जताई थी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया था कि जर्जर सडक़ के कारण आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है और आगामी बारिश से पहले इस मार्ग को दुरुस्त करना बेहद जरूरी है। उनके निर्देशों के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मरम्मत कार्य को प्राथमिकता में शामिल कर लिया है।
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार पत्थलगांव-कुनकुरी मार्ग के अपूर्ण हिस्सों की मरम्मत के लिए पूर्व में लंबित प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई है और कार्य शीघ्र शुरू किया जा रहा है। मरम्मत कार्य जोनल एजेंसी के माध्यम से कराया जाएगा, और जरूरत पडऩे पर अन्य अनुबंधों के जरिए भी काम पूरा किया जाएगा।
इसके साथ ही अंबिकापुर के राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता को निर्देश दिए गए हैं कि वे कार्य पूर्ण होने तक अपना मुख्यालय कुनकुरी में स्थापित करें। बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोडऩे के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि कार्य की सतत निगरानी सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री ने साफ किया है कि सडक़ मरम्मत में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस पहल से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलने के साथ ही बरसात के दौरान होने वाली दिक्कतों से भी निजात मिलेगी।


