ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 5 मई । फेसबुक में रामकृष्ण अस्पताल के एमडी डॉ. संदीप दवे के फर्जी आईडी बनाकर ठगी के प्रयास का मामला सामने आया है। रिश्तेदारों के पैसे माँगे जाने की जानकारी दिए जाने पर डॉ. दवे ने अज्ञात ठगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। टिकरापारा पुलिस धारा 318(4), 319(2) और 62 के तहत अपराध दर्ज कर जांच कर रही है।
डॉ. दवे के मुताबिक, आरोपी लोगों को मैसेज भेजकर खुद को डॉक्टर बताते हुए किसी आपात स्थिति या जरूरत का हवाला देकर आर्थिक मदद मांग रहा है। इससे न केवल लोगों के ठगी का शिकार होने का खतरा है, बल्कि उनकी व्यक्तिगत और संस्थागत साख पर भी असर पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, इसके पहले भी डॉ. दवे के नाम का इस्तेमाल कर ठगने का प्रयास किया गया था। इस संबंध में उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उस शिकायत का एक्नॉलेजमेंट नंबर भी पुलिस को सौंपा गया है, इस बीच फिर से ठग सक्रिय हो गए।
डॉ. दवे ने पुलिस से मांग की है कि संबंधित मोबाइल नंबर की तत्काल जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।


