ताजा खबर

तेन्दूपत्ता तोड़ाई में जुटे मजदूरों पर जंगली सुअरों का हमला, आधा दर्जन गंभीर
05-May-2026 1:15 PM
तेन्दूपत्ता तोड़ाई में जुटे मजदूरों पर जंगली सुअरों का हमला, आधा दर्जन गंभीर

महिलाएं भी जख्मी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 मई
। जिले के लालबहादुर इलाके के कोहलाकसा के जंगल में तेन्दूपत्ता तोड़ाई कर रहे श्रमिकों पर मंगलवार सुबह लगभग 7 बजे जंगली सुअरों के झुंड ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना में आधा दर्जन से ज्यादा श्रमिक जख्मी हुए हैं। घायलों में महिलाएं भी शामिल है। घटना की खबर के बाद डीएफओ आयुष जैन मौके पर रवाना हुए हैं। वहीं सीसीएफ मर्सीबेला ने भी पूरे घटना की डीएफओ से विस्तृत जानकारी मांगी है।

मिली जानकारी के मुताबिक तेन्दूपत्ता तोड़ाई के लिए लालबहादुर नगर क्षेत्र के अलग-अलग गांव के दर्जनभर से ज्यादा श्रमिक जंगल में सुबह पहुंचे थे। तोड़ाई के दौरान अचानक जंगली सूअरों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जंगली सूअरों ने कुछ श्रमिकों को गंभीर रूप से घायल किया है। किसी तरह घटना की जानकारी वन महकमे तक पहुंची। इसके बाद क्षेत्रीय वन परिक्षेत्र अधिकारी और डीएफओ के नेतृत्व में एक टीम घटनास्थल पहुंची।
बताया जा रहा है कि तेन्दूपत्ता तोड़ाई के लिए कोहलाकसा, मुंगलानी, कुईकोडा तथा नारायणगढ़ के रहने वाले ग्रामीण जंगल में सुबह पहुंचे थे। इसके बाद अचानक झुंड ने श्रमिकों को निशाना बनाया। इस दौरान कई महिलाओं को गंभीर चोट पहुंची है। घायलों में फुलबाई, माधुरी, अंजनीबाई, उर्मिला जोशी और खेदूराम का नाम सामने आया है। घायलों को गंभीर हालत में राजनंादगांव मेडिकल कॉलेज लाया गया है। घायल खेदूराम के सुपुत्र के मुताबिक उसके पिता की स्थिति गंभीर है। शेष घायलों की हालत सामान्य है।

इस संबंध में राजनांदगांव डीएफओ आयुष जैन ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि घटना की जांच की जा रही है। घायलों को तत्काल चिकित्सकीय सुविधा मुहैया कराई गई है। घायलों को तत्काल एक हजार रुपए की मदद दी गई। इसके अलावा उपचार का खर्च भी विभाग वहन करेगा। बताया जा रहा है कि घटनास्थल में जंगली सूअरों का एक झुंड मौजूद है। वन विभाग की टीम मौके पर स्थिति पर नजर रखे हुए है। इस बीच कुल 8 लोगों के स्पष्ट रूप से घायल होने की जानकारी आई है। जिसमें 5 को राजनांदगांव और 2-2 को क्रमश: पाथरी व छुरिया अस्पताल में भर्ती किया गया है।


अन्य पोस्ट