ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 5 मई। बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलगहना चौकी पुलिस ने मांस रखने और उसकी कटाई के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मौके से करीब 7 किलो मांस और काटने में इस्तेमाल किए गए औजार जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, बेलगहना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि करहीकछार गांव में एक व्यक्ति मांस रखकर उसकी कटाई कर रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और उनके निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की।
सुबह के समय पुलिस ने आरोपी के घर दबिश दी, जहां करहीकछार निवासी 53 वर्षीय सुरेश कुमार सोनवानी अपने आंगन में बैठकर मांस काटते हुए मिला। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह गाय और भैंस के मांस को काटकर सुखाता है और स्वयं उपयोग करता है। किस जानवर का मांस है, यह प्रयोगशाला में जांच के बाद मालूम होगा।
पुलिस ने मौके से कटे हुए मांस के साथ ‘तांगली’ नामक धारदार औजार भी जब्त किया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु संरक्षण अधिनियम, 2004 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।


