ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 5 मई। जिले में ईंट निर्माण के लिए हो रहे अवैध मिट्टी उत्खनन और परिवहन पर खनिज विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान अब तक कुल 24 प्रकरण दर्ज कर 9 लाख 27 हजार 663 रुपये की वसूली की गई है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर शुरू हुई इस कार्रवाई में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अवैध खनन से जुड़े 8 मामलों में 6 लाख 50 हजार 783 रुपये की वसूली की गई, जबकि अवैध परिवहन के 16 मामलों में 2 लाख 76 हजार 880 रुपये वसूले गए हैं।
खनिज विभाग द्वारा जिले में नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बना रहे। वर्तमान में बिलासपुर जिले में ईंट निर्माण के लिए मिट्टी के 29 खनन पट्टे स्वीकृत हैं, जिनमें से 4 की अवधि समाप्त हो चुकी है। शेष पट्टाधारकों को पर्यावरणीय स्वीकृति और नियमों के पालन के लिए कड़ाई से निर्देशित किया गया है।
उप संचालक किशोर गोलघाटे ने बताया कि पारंपरिक पंजा भट्टा ईंट निर्माण इकाइयों को नियमों में छूट दी गई है। छत्तीसगढ़ लघु खनिज नियम, 2015 के तहत कुम्हार समुदाय और उनके सहकारी समूहों को पारंपरिक तरीके से मिट्टी का उपयोग कर ईंट, खपरैल और अन्य उत्पाद बनाने की अनुमति है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल अन्य स्रोतों से ईंट निर्माण को लेकर कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, फिर भी विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए है। निरीक्षण के दौरान कहीं भी अवैध उत्खनन या परिवहन पाया जाता है, तो तत्काल कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


