ताजा खबर

शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर में ममता बनर्जी को 15,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया
04-May-2026 11:06 PM
शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर में ममता बनर्जी को 15,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया

कोलकाता, 4 मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पांच साल पहले नंदीग्राम के राजनीतिक परिदृश्य की तरह ही एक नाटकीय और महत्वपूर्ण मुकाबले में, सोमवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर में हराकर तृणमूल कांग्रेस को तगड़ा झटका दिया।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, अधिकारी ने 15,105 मतों के अंतर से जीत हासिल की। यह एक आश्चर्यजनक उलटफेर है क्योंकि बनर्जी शुरुआती दौर में बढ़त बनाये हुए थीं।

शुभेंदु को 73,917 वोट मिले, जबकि बनर्जी को 58,812 वोट प्राप्त हुए।

अधिकारी ने इस चर्चित निर्वाचन क्षेत्र में मिली जीत का प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद कहा, "मैं भवानीपुर के लोगों को मुझे वोट देने और 15,000 से अधिक मतों के अंतर से विजयी बनाने के लिए धन्यवाद देता हूं।"

वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में भी नंदीग्राम में अधिकारी ने एक बेहद कड़े मुकाबले में बनर्जी को हराया था।

भवानीपुर में सातवें चरण की मतगणना के अंत तक मुख्यमंत्री 17,000 से अधिक मतों से आगे थीं, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उन्होंने निर्णायक बढ़त बना ली है।

हालांकि, मतगणना के बाद के चरण में यह बढ़त धीरे-धीरे कम होती गई और अधिकारी ने वापसी करते हुए अंतिम दौर में उन्हें पीछे छोड़ दिया।

मतगणना के 14वें चरण तक बनर्जी की बढ़त घटकर 4,000 मतों से भी कम रह गई थी, जिससे मुकाबला काफी तनावपूर्ण हो गया था।

इसके बाद, भाजपा प्रत्याशी ने बढ़त हासिल कर ली और जीत हासिल की।

दिनभर इस सीट पर नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला और सखावत मेमोरियल गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल स्थित मतगणना केंद्र पर दोनों प्रत्याशी मौजूद रहे।

बनर्जी ने मतगणना प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाया और निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा, "क्या आपको लगता है कि यह जीत है? यह एक अनैतिक जीत है। 100 से अधिक सीट की लूट हुई है। निर्वाचन आयोग भाजपा का आयोग है।"

जनादेश में हेराफेरी का दावा करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के एक मतगणना एजेंट को जबरन बाहर निकाल दिया गया था और उन्हें (ममता को) मतगणना केंद्र के अंदर "धक्का दिया गया और अपशब्द कहे गए।"

इन आरोपों पर निर्वाचन आयोग या भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

अपनी जीत के बाद मतगणना केंद्र से बाहर निकलते हुए अधिकारी ने भावानीपुर के मतदाताओं को धन्यवाद दिया और कहा कि जनादेश बदलाव की इच्छा को दर्शाता है। (भाषा)


अन्य पोस्ट