ताजा खबर

मंत्रालयीन कैंटीन व्यवस्था, संघ की उप सचिव से चर्चा
04-May-2026 10:22 PM
मंत्रालयीन कैंटीन व्यवस्था, संघ की उप सचिव से चर्चा

रायपुर, 4 मई।  मंत्रालयीन कैंटीन व्यवस्था के संबंध में कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में संघ द्वारा यह पक्ष दृढ़ता से रखा गया कि कर्मचारियों को खाद्य एवं पेय पदार्थ उचित एवं किफायती दरों पर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उन पर अनावश्यक आर्थिक भार न पड़े। लगभग दो घंटे चली इस चर्चा में उप सचिव ने कर्मचारियों की समस्याओं एवं भावनाओं को गंभीरता से सुना तथा संघ द्वारा प्रस्तुत सभी बिंदुओं को विधिवत संज्ञान में लेकर सचिव जीएडी  के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।

संघ द्वारा बढ़ी हुई चाय नाश्ते की दरों से उत्पन्न वर्तमान कठिनाइयों एवं भविष्य में होने वाले संभावित प्रतिकूल प्रभावों से भी उन्हें अवगत कराया गया, जिस पर उन्होंने सहमति व्यक्त करते हुए एक संतुलित एवं व्यावहारिक समाधान की दिशा में मध्यस्थता करने का विश्वास दिलाया। 

इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष  चंद्रकांत पांडेय सहित सभी प्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। संघ के  अन्य सदस्यों ने कहा कि सामान्य प्रशासन विभाग ने आश्वासन दिया है, परंतु जब तक दरों में वास्तविक कमी और व्यवस्था में सुधार नहीं होता, तब तक हमें अपनी एकजुटता प्रदर्शित करनी चाहिये और बढ़ी हुई दरों के विरोध में और उचित प्रबंधन की मांग हेतु कैंटीन का सामूहिक बहिष्कार होना चाहिये ।

हमारा लक्ष्य केवल विरोध करना नहीं, बल्कि अपने अधिकारों के लिए एक उचित और किफायती व्यवस्था सुनिश्चित करने का हो ये सब संघ से ही हो सकता है ।


अन्य पोस्ट