ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर/राजनांदगांव, 4 मई। पश्चिम बंगाल में मिली चुनावी सफलता को लेकर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में राजनांदगांव के मोतीपुर क्षेत्र में भी जीत का जश्न मनाया गया, जहां पारंपरिक बांग्ला व्यंजन “झालमुड़ी” के साथ खुशी साझा की गई।
कार्यक्रम में स्पीकर डॉ रमन सिंह, सांसद संतोष पाण्डेय,और मेयर मधुसूदन यादव सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए इस जीत को विकास और सुशासन की राजनीति की स्वीकृति बताया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संदेश में कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने राष्ट्रहित और विकास के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और समर्थन का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान झालमुड़ी का वितरण किया गया, जिसे बंगाल की पारंपरिक पहचान माना जाता है। इस अवसर पर वंदे मातरम् के जयघोष के साथ कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया।


