ताजा खबर
रायपुर, 4 मई। ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी की कल मंगलवार को दोपहर 12:00 बजे से जिला कार्यकारिणी की पहली बैठक गांधी मैदान स्थित पुराना कांग्रेस भवन, रायपुर में होगी । बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे करेंगे।
इस महत्वपूर्ण बैठक में रायपुर जिले के पूर्व मंत्री गण पूर्व विधायक पूर्व सांसद महापौर एवं पूर्व महापौर सहित सभी वरिष्ठ नेताओं, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव, कार्यकारिणी सदस्य, सभी ब्लॉक अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्षों को आमंत्रित किया गया है।
बैठक का प्रमुख एजेंडा भाजपा द्वारा महिला आरक्षण बिल के नाम पर जनता में फैलाए जा रहे भ्रम का करारा जवाब देने की रणनीति तय करना है।
इसके साथ ही राज्य की भाजपा सरकार द्वारा मनाए जा रहे तथाकथित “सुशासन त्योहार” को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा की जाएगी। जिला अध्यक्ष ने कहा कि पिछले वर्ष “सुशासन” के नाम पर जनता से प्राप्त आवेदनों और समस्याओं का आज तक समाधान नहीं हुआ है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर सरकार से सवाल पूछेंगे कि उन आवेदनों का क्या हुआ और आम जनता की मूलभूत समस्याओं का निराकरण क्यों नहीं किया गया।
बैठक में निर्णय लिया जाएगा कि कांग्रेस कार्यकर्ता प्रत्येक गांव और वार्ड स्तर पर जाकर आम जनता की समस्याओं को संकलित करेंगे तथा शासन-प्रशासन को मांग पत्र सौंपकर जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगे।


