ताजा खबर
लालबाग थाना के कविराज टोला की घटना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 मई। लालबाग थाना क्षेत्र के कविराज टोलागांव में बीती रात को एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद से जुड़ा हुआ है। महिला ने पति के छोटे भाई यानी अपने देवर से शादी कर ली थी। इसी के चलते हत्या की वारदात सामने आई।
मिली जानकारी के मुताबिक कविराज टोलागांव के रहने वाले रंजीत पारधी (34 साल) का अपनी पत्नी से घरेलू विवाद चल रहा था। उसकी पत्नी पूर्णिमा पारधी ने अपने देवर से विवाह कर लिया था। इसी बात को लेकर वह काफी तनाव में था। पति से झगड़ा कर मृतिका अपने देवर के साथ रहने चली गई और बाद में दोनों ने विवाह कर लिया था। इसी बात को लेकर आरोपी पत्नी से रूष्ठ था और मौका देखकर उसने पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। लालबाग थाना प्रभारी रमेश पटेल के मुताबिक पुलिस घटना की जांच कर रही है। आरोपी ने घरेलू विवाद के चलते पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया है। इधर हत्या की घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।


