ताजा खबर

खाड़ी संकट : कच्चे तेल में उछाल, लुब्रिकेंट और डामर महंगे
03-May-2026 9:31 PM
खाड़ी संकट : कच्चे तेल में उछाल, लुब्रिकेंट और डामर महंगे

टॉयर-ट्यूब, पेंट और अन्य उत्पाद के दाम भी बढ़े

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 मई। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब सीधे आम उपभोक्ताओं और निर्माण कार्यों पर दिखने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के चलते पेट्रोलियम उत्पाद, खासतौर पर लुब्रिकेंट, डामर और अन्य सह-उत्पाद की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है।

बताया गया कि खाड़ी क्षेत्र में जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति और लागत प्रभावित हुई है। इसका असर भारत समेत कई देशों में दिखाई दे रहा है। हालांकि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतें स्थिर बनी हुई हैं, लेकिन आने वाले दिनों में इनमें भी बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।

मार्च से ही कच्चे तेल के दाम बढऩे के साथ डामर, लुब्रिकेंट ऑयल, नेफ्था और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। लुब्रिकेंट ऑयल डीलर गौरव मंधानी ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में बताया कि कच्चे तेल पर आधारित सभी उत्पादों की लागत बढ़ी है। कंपनियों ने पहले मार्च में कीमतें बढ़ाईं और अब मई से फिर बढ़ोतरी लागू की जा रही है।

डामर की कीमतों में 30 से 40 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे सडक़ निर्माण की लागत बढ़ गई है। मई-जून का समय निर्माण कार्यों के लिए पीक सीजन माना जाता है, लेकिन महंगाई के कारण परियोजनाओं पर असर पडऩे की आशंका है। यही नहीं, वाहनों की टॉयर-ट्यूब, पेंट और कच्चे तेल से बनने वाले तमाम उत्पादों की कीमतों में 20 फीसदी से अधिक बढ़ोत्तरी हो चुकी है।

इसी बीच गल्फ ऑयल लुब्रिकेंट कंपनी ने अपने उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। कंपनी ने डीलरों को भेजे पत्र में बताया कि बेस ऑयल, एडिटिव्स और लिथियम जैसी कच्ची सामग्री की कीमतों में वृद्धि के साथ-साथ फ्रेट, ऊर्जा और पैकेजिंग लागत भी बढ़ी है, जिससे उत्पादन लागत पर दबाव पड़ा है।

इन परिस्थितियों को देखते हुए कंपनी ने लुब्रिकेंट्स की कीमतों में 5 से 7 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। यह वृद्धि उत्पाद और पैक साइज के अनुसार अलग-अलग होगी। कंपनी का कहना है कि अब तक वह बढ़ी हुई लागत का बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही थी, लेकिन मौजूदा हालात में मूल्य संशोधन जरूरी हो गया है। नई मूल्य सूची जल्द जारी की जाएगी।


अन्य पोस्ट